BazaarBook.com
Traders Deed : Shoppers Need
On Line Bazaar Info
सिडनी, 3 जनवरी | आस्ट्रेलिया के साथ सिडनी क्रिकेट मैदान (एससीजी) पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन मंगलवार को भारत की पहली पारी 191 रनों पर सिमट गई। भारत की ओर से कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने नाबाद 57 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 77 गेंदों पर आठ चौके लगाए। इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
मेहमान टीम की शुरुआत खराब रही। भारत का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज गौतम गम्भीर के रूप में गिरा। गम्भीर जब आउट हुए उस समय भारतीय टीम का खाता भी नहीं खुला था। गम्भीर (शून्य) को जेम्स पैटिंसन ने माइकल क्लार्क के हाथों कैच कराया।
राहुल द्रविड़ को पांच रन के निजी योग पर पीटर सिडल ने एड कोवान के हाथों कैच कराया। भारत का तीसरा विकेट वीरेंद्र सहवाग के रूप में गिरा। सहवाग को 30 रन के निजी योग पर पैटिंसन ने ब्रैड हेडिन के हाथों कैच कराया। सहवाग ने 51 गेंदों पर चार चौके लगाए।
वी.वी.एस.लक्ष्मण भी कुछ खास नहीं कर सके और वह दो रन बनाकर आउट हो गए। लक्ष्मण को पैटिंसन ने शॉन मार्श के हाथों कैच कराया।
विराट कोहली के रूप में भारत का पांचवां विकेट गिरा। कोहली को 23 रन के निजी योग पर सिडल ने हेडिन के हाथों कैच कराया। कोहली ने तेंदुलकर के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 37 रन जोड़े।
अनुभवी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर एक बार फिर अपना 100वां अंतर्राष्ट्रीय शतक बनाने से चूक गए। तेंदुलकर को 41 रन के निजी योग पर पैटिंसन ने बोल्ड किया। तेंदुलकर ने 89 गेंदों पर आठ चौके लगाए।
नियमित अंतराल पर विकेट गिरने के बाद धौनी ने रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर पारी को सम्भालने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े।
अश्विन को 20 रन के निजी योग पर बेन हिल्फेनहास ने क्लार्क के हाथों कैच कराया। जहीर खान खाता खोले बगैर आउट हुए। जहीर को हिल्फेनहास ने अपना दूसरा शिकार बनाया।
इशांत शर्मा और उमेश यादव खाता खोले बगैर आउट हुए। इशांत को हिल्फेनहास ने कोवान के हाथों कैच कराया जबकि उमेश को सिडल ने हैडिन के हाथों कैच कराया।
आस्ट्रेलिया की ओर से पैटिंसन ने चार विकेट चटकाए जबकि सिडल और हिल्फेनहास के खाते में तीन-तीन विकेट गए। उल्लेखनीय है कि चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला में आस्ट्रेलियाई टीम 1-0 से आगे है। (आईएएनएस)
Post new comment