BazaarBook.com
Traders Deed : Shoppers Need
On Line Bazaar Info
रांचीः मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के गुड़गांव स्थित मानेसर कारखाने में श्रमिकों और प्रबंधन के बीच बुधवार रात हुई हिंसक झड़प में मारे गये अधिकारी की पहचान रांची निवासी अवनीश कुमार देव के रूप में हुई है.
अवनीश कंपनी में महाप्रबंधक (एचआर ) के पद पर कार्यरत थे. रांची में कडरू में ओल्ड एजी कॉलोनी स्थित मकान संख्या 171 में रहते थे. हिंसक झड़प के दौरान श्रमिकों ने प्लांट के एक भाग में आग लगा दी थी. अवनीश आग की चपेट में आकर जिंदा जल गये थे.
घटना की सूचना मिलने के बाद अवनीश के माता- पिता गुरुवार को दिल्ली रवान हो गये. उनका छोटा भाई डॉ अविनाश कुमार देव ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना न्यूज चैनल से मिली. इसके बाद उन्होंने गुड़गांव में रहनेवाले परिचितों को फोन किया. सभी ने अवनीश की मौत की पुष्टि की. इसके बाद परिजन दिल्ली के लिए रवाना हो गये.
फोन पर डॉ अविनाश ने बताया, भैया का पूरा शरीर जल कर खाक हो गया था. केवल कंकाल बचा हुआ था. गुड़गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया. बहनोई राजेंद्र प्रसाद, अनिल प्रसाद ने उनका अंतिम संस्कार किया. भाभी (अवनीश देव की पत्नी) बेटा अभ्यूदीप के साथ दिल्ली में रहती थी. अभ्यूदीप दिल्ली के मदर इंटरनेशनल स्कूल में 10वीं कक्षा का छात्र है. अवनीश के पिता डॉ रामेश्वर साह एजी से सेवानिवृत्त होने के बाद होमीयोपैथिक चिकित्सक की प्रैक्टिस कर रहे हैं.
बुधवार रात कंपनी के श्रमिकों और प्रबंधन के बीच विवाद हो गया. इसके बाद हिंसक झड़प हो गयी. श्रमिकों ने प्लांट में आग लगा दी. घटना में तीन जापानी अधिकारी सहित 46 लोग घायल हुए. कंपनी का कहना है कि विवाद तक हुआ, जब श्रमिकों ने मिल कर एक सुपरवाइजर को पीट दिया. वहीं मजदूर संगठन सीटू का कहना है कि एक श्रमिक के खिलाफ जातिगत टिप्पणी की गयी थी. इससे सभी आक्रोशित हो गये.
Post new comment